Wednesday, 11 January 2012
जो शेष है ... (सुप्रभात ) .. अपर्णा मनोज
जो शेष है ... (सुप्रभात )
by Aparna Manoj on Thursday, 13 January 2011
अभी भी शेष है
बचा रखा है यहीं अपने आँगन में
एक कलरव झरने का
जिसकी बूंदों को
प्रभाती चिड़िया चोंच में भर
छोड़ आती है
सुनहरी रेत पर
और एक सहज हंसी गेहूं की
लहलहा उठती है चैत्र के अधरों पर
किन्हीं पगलाई जड़ों में
झींगुर दबे पाँव
तोड़ते हैं सन्नाटा
और चांदी लिखते हैं जुगनू
रात के पन्ने पर .
अभी भी शेष है
धरती की निस्संग आँखों में
सागर का नमक
जिनके स्फटिक गालों पर
फूट जाती है लहरों की हंसी
और पर्वत गोल आँखों से देखता है
सुखों के पाश -बंध..
हिंसा के जंगलों में
अभी भी कुलांच भरते हैं कस्तूरी हिरण
ये सब शेष है
तुम्हारी भीड़ में
प्रकारांतर से सुनती हूँ
श्रद्धा और मनु
बुन रहे हैं किसी निविड़ में संसार
सृष्टि के झंकृत क्षण
ईर्ष्या ,वैमनस्य से परे
चिंता की खोह के बाहर
सूरज पलने लगा है गोद में ..
जानती हूँ
सभी उत्कोचों के रहते भी
शेष रहता है
कोमल प्रेम
जितना पुरातन ,उतना नवीन .
अपर्णा -
Photo: Gill & Terry Bass
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment